IAF और ILAC संगठनों का विलय
**********
ISO 9001:2026 मानक के परिवर्तनकाल (transition) की जानकारी के लिए जब मैं International Accreditation Forum (IAF) की गाइडलाइंस खोज रहा था, तब पता चला कि 1 जनवरी 2026 से IAF और ILAC दोनों का विलय Global Accreditation Cooperation Incorporated (Global ACI) में हो चुका है। यह अचानक नहीं हुआ। इसकी योजना 2019 से चल रही थी।
IAF (स्थापना 1993) प्रमाणन निकायों (Certification bodies - CBs) —प्रबंधन प्रणाली (जैसे ISO 9001), उत्पाद, कार्मिक तथा वैलिडेशन/वेरिफिकेशन—के प्रत्यायन का वैश्विक मंच था। ILAC प्रयोगशालाओं, निरीक्षण निकायों, कैलिब्रेशन और संबंधित क्षेत्रों का मंच था। दोनों के अपने-अपने बहुपक्षीय मान्यता समझौते थे—IAF MLA और ILAC MRA।
दोनों संगठन अलग-अलग प्रशासनिक व्यवस्था, समितियाँ, सहकर्मी मूल्यांकन (peer evaluation) और नीतियाँ चला रहे थे। वैश्वीकरण और अनुरूपता आकलन के आपस में जुड़ने से यह दोहरी व्यवस्था अनावश्यक दोहराव और जटिलता पैदा कर रही थी। इसलिए विलय का निर्णय लिया गया, ताकि—
- एक ही अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्रणाली हो,
- एक सहकर्मी मूल्यांकन ढाँचा हो,
- नीतियों और प्रशासन में सामंजस्य हो,
- कार्य दक्षता बढ़े, और
- व्यापार, स्थिरता तथा तकनीकी विश्वास जैसे वैश्विक मुद्दों पर एक मजबूत आवाज़ स्थापित हो।
2019 में फ्रैंकफर्ट में दोनों संगठनों की 19वीं संयुक्त आम सभा (29 अक्टूबर 2019) में एकल अंतरराष्ट्रीय संगठन बनाने का प्रस्ताव पारित हुआ। अक्टूबर 2024 में बर्लिन में संविधान मंजूर हुआ। 6 दिसंबर 2024 को न्यूज़ीलैंड में Incorporated Society के रूप में पंजीकृत हुआ। अक्टूबर 2025 में बैंकॉक की अंतिम बैठकों में नेतृत्व चुना गया। 1 जनवरी 2026 से Global ACI का पूर्ण संचालन शुरू हुआ और IAF व ILAC का संचालन बंद हो गया। 14 अप्रैल 2026 को “Global ACI” नाम, लोगो और वेबसाइट (Link) सार्वजनिक हुई।
अब IAF MLA और ILAC MRA एक ही Global ACI MRA में समाहित हो गए हैं। मौजूदा प्रत्यायित प्रमाणपत्र, रिपोर्ट और परिणाम वैध बने हुए हैं—कोई व्यवधान नहीं। पुराने IAF/ILAC चिह्न परिवर्तनकाल (transition) में इस्तेमाल किए जा सकते हैं, जब तक नया चिह्न कानूनी रूप से उपलब्ध न हो। IAF और ILAC कानूनी रूप से कुछ समय और रहेंगे ताकि उनके चिह्नों की सुरक्षा हो सके; उसके बाद उन्हें बंद कर दिया जाएगा।
संक्षेप में, दो समानांतर वैश्विक व्यवस्थाओं को एक एकीकृत ढाँचे में लाने का फैसला था, ताकि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और विश्वास सरल, सुसंगत और मजबूत हो। मौजूदा प्रमाणन धारकों के लिए व्यावहारिक असर लगभग शून्य है।
टिप्पणी - ISO 9001:2026 के परिवर्तनकाल संबंधी अनिवार्य दस्तावेज़ अब IAF के बजाय Global ACI जारी करता है (जैसे Global ACI-TECH-3-TR)। इसलिए भविष्य में ऐसी गाइडलाइंस Global ACI की वेबसाइट पर देखनी चाहिए।
सादर,
केशव राम सिंघल
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें