ISO 9001:2026 का प्रमोचन (Launch) — प्रमुख बातें
**********
आज, 16 सितंबर 2026 को ISO 9001:2026 आधिकारिक रूप से प्रकाशित हो गया है। यह ISO 9001 का छठा संस्करण (Sixth edition) है और ISO की आधिकारिक साइट पर इसे Published, Edition 6, 2026 के रूप में प्रदर्शित किया गया है। आज आयोजित ऑनलाइन ISO आयोजन (Event) में चार वक्ताओं ने ISO 9001:2026 के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। आयोजन का संक्षिप्त विवरण निम्न है—
1. Katie Clift — संदर्भ और संवाद
Katie Clift, ISO की Head of Public Relations, ने ISO 9001 को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत किया। उनकी भूमिका केवल Technical changes बताने तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह समझाना भी था कि आज के बदलते Business environment में ISO 9001 क्यों प्रासंगिक है। उनकी बातचीत में निम्न प्रमुख Themes दिखाई दिए—
* बदलती ग्राहक अपेक्षाएँ (Customer expectations)
* डिजिटल परिवर्तन (Digital transformation) और कृत्रिम बुद्धिमता (AI)
* आपूर्ति श्रृंखला जटिलता (Supply-chain complexity)
* लचीलापन (Resilience)
* नवाचार (Innovation)
* संगठनात्मक निष्पादन (Organizational performance)
* और सबसे महत्वपूर्ण — विश्वास (Trust)
2. Sam Somerville — Revision के पीछे की सोच
Sam Somerville, ISO/TC 176/SC 2 की Chair और ISO 9001 Revision project से जुड़ी प्रमुख व्यक्ति तथा Convenor, ने संशोधन (Revision) के तकनीकी (Technical) और व्यवहारिक (Practical) पक्ष पर प्रकाश डाला। उनके संदेश का सार यह था कि ISO 9001:2026 का उद्देश्य ISO 9001 को पूरी तरह बदल देना नहीं, बल्कि उसे वर्तमान और भविष्य की संगठनात्मक वास्तविकताएँ (Organizational realities) के लिए अधिक स्पष्ट और उपयोगी बनाना है। इसलिए ISO 9001:2015 का मूल QMS ढाँचा (Framework) समाप्त नहीं होता। ग्राहक केंद्रित (Customer focus), प्रक्रिया सोच (Process approach), नेतृत्व (Leadership), निष्पादन मूल्यांकन (Performance evaluation) और लगातार सुधार (Continual improvement) जैसे मूलभूत सिद्धांत (Principles) बने रहते हैं। साथ ही, 2026 संस्करण में विशेष रूप से निम्न क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया है—
* अपेक्षाओं (Requirements) की भाषा और स्पष्टता (Clarity) में सुधार
* नेतृत्व (Leadership) और गुणवत्ता संस्कृति (Quality culture) पर अधिक महत्त्व
* जोखिमों और अवसरों को अधिक स्पष्ट रूप से संबोधित करना
* परिवर्तन प्रबंधन
* संगठनात्मक ज्ञान
* जलवायु परिवर्तन विचारों (Climate-change considerations) की स्पष्टता
* अन्य ISO प्रबंधन-प्रणाली मानकों के साथ बेहतर संरेखण (Alignment)
इस प्रकार संशोधन (Revision) को केवल खण्डों (Clauses) में परिवर्तन के रूप में नहीं, बल्कि QMS को अधिक उपयुक्त (Relevant) और प्रभावी (Effective) बनाने के प्रयास के रूप में देखना उपयोगी होगा।
3. Isabela Santos — व्यवहारिक/व्यावसायिक परिपेक्ष्य (Practical/Business perspective)
Isabela Santos ने ISO 9001:2026 को व्यवहारिक और व्यावसायिक परिपेक्ष्य से देखते हुए चर्चा की कि संशोधित मानक लोगों, Projects और संगठनात्मक निष्पादन (Organizational performance) को किस प्रकार सपोर्ट कर सकता है। यह पहलू विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि ISO 9001 को केवल “अनुपालन दस्तावेज" (Compliance document) के रूप में देखने के बजाय एक ऐसे प्रबंधन ढाँचे (Management framework) के रूप में समझने की आवश्यकता है जो लोगों (People) → प्रक्रियाओं (Processes) → निष्पादन (Performance) → सुधार (Improvement) → व्यावसायिक परिणामों (Business outcomes) को आपस में जोड़ता है। इस दृष्टिकोण से QMS केवल प्रमाणन (Certification) प्राप्त करने या बनाए रखने का साधन नहीं रहता, बल्कि संगठन के बेहतर संचालन और परिणामों में योगदान देने वाला प्रबंधन ढाँचा बन सकता है।
4. Sergio Mujica — ISO का व्यापक संदेश
Sergio Mujica, ISO Secretary-General, ने ISO 9001 की वैश्विक भूमिका और उसके भविष्य के महत्व पर बात की। उनके अनुसार आज ISO 9001 से एक मिलियन से अधिक संगठन जुड़े हुए हैं और यह 189 देशों में उपयोग किया जाता है। इसलिए ISO 9001:2026 संशोधन को केवल एक तकनीकी संशोधन के रूप में नहीं समझना चाहिए। इसका व्यापक उद्देश्य गुणवत्ता को संगठनात्मक निष्पादन (Organizational performance), विश्वास (Trust) और सतत विकास (Sustainable growth) से जोड़ना है।
प्रतिक्रियाएँ
प्रमोचन से पहले ISO के LinkedIn announcement पर गुणवत्ता पेशेवरों (Quality professionals) की प्रतिक्रियाएँ विविध रहीं। कुछ लोगों ने इसे लंबे समय से प्रतीक्षित अपडेट बताया और जलवायु परिवर्तन (Climate change), आपूर्ति-श्रृंखला लचीलापन (Supply-chain resilience) तथा डिजिटल परिवर्तन (Digital transformation) जैसे विषयों की ओर ध्यान आकर्षित किया। कुछ प्रतिक्रियाओं में यह विचार भी सामने आया कि परिपक्व ISO 9001:2015 QMS वाले संगठनों के लिए परिवर्तन बहुत बड़ी क्रांति (Revolution) नहीं है। इस संशोधन को कुछ लोगों ने क्रमिक विकास, क्रान्ति नहीं" (Evolution, not revolution) के रूप में वर्णित किया है। दूसरी ओर, कुछ पेशेवरों (Professionals) ने यह प्रश्न भी उठाया कि क्या संशोधित मानक वास्तव में आख़िरी उपयोगकर्ताओं (End users) के लिए पर्याप्त सरल और सहज होगा। इन प्रतिक्रियाओं से यह संकेत मिलता है कि ISO 9001:2026 को लेकर उत्सुकता के साथ-साथ इसके व्यावहारिक कार्यान्वयन (Practical implementation) को लेकर स्वाभाविक प्रश्न भी हैं।
मेरी प्रतिक्रिया
मेरे विचार में ISO 9001:2026 को समझने का सबसे अच्छा तरीका नए मानक (New standard) से अधिक नए महत्त्व (New emphasis) को समझना है। ISO 9001:2026 का महत्व केवल यह जानने में नहीं है कि कौन-सा खंड (Clause) बदला है, बल्कि यह समझने में है कि QMS वास्तव में संगठन (Organization) को बेहतर निर्णय लेने, जोखिमों और अवसरों को समझने, परिवर्तनों को नियंत्रित करने, गुणवत्ता संस्कृति (Quality culture) विकसित करने और बेहतर निष्पादन (Performance) प्राप्त करने में कैसे मदद करता है? यही वह स्थान है जहाँ ISO 9001 जागरूकता की वर्षों से चली आ रही दृष्टि (Approach) विशेष रूप से उपयुक्त (Relevant) दिखाई देती है।
मुझे तीन महत्वपूर्ण प्रसंग दिखाई देते हैं —
1. अनुपालन से प्रभावशीलता की ओर - केवल प्रमाणपत्र (Certificate) बनाए रखना पर्याप्त नहीं है; QMS को संगठन के वास्तविक काम में मूल्य (Value) पैदा करना चाहिए।
2. दस्तावेज (Documentation) से संगठनात्मक सोच (Organizational Thinking) की ओर - ISO 9001:2026 को केवल दस्तावेज (Documents) बदलने का अभ्यास (Exercise) बना देना इसके उद्देश्य को छोटा कर देगा। महत्वपूर्ण यह है कि QMS की सोच संगठन के वास्तविक कार्यों और निर्णयों में दिखाई दे।
3. गुणवत्ता विभाग से गुणवत्ता संस्कृति की ओर - गुणवत्ता केवल गुणवत्ता प्रबंधक या गुणवत्ता विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। नेतृत्व (Leadership), लोगों (People), प्रक्रियाओं (Processes) और निर्णय लेने (Decision-making) —सभी में गुणवत्ता सोच (Quality thinking) दिखाई देनी चाहिए।
जलवायु परिवर्तन (Climate Change) — एक विशेष पहलू
एक विशेष बात यह है कि ISO 9001:2026 में जलवायु परिवर्तन को अलग से कोई नया पर्यावरणीय प्रबंध प्रणाली (Environmental Management System) विषय बनाने के बजाय संगठनात्मक प्रसंग और हितधारकों (Organizational context and Interested parties) के संदर्भ में QMS से जोड़ा गया है। यह 2024 के ISO 9001:2015/Amd 1:2024 Amendment की दिशा का ही आगे का विकास है। इसलिए संगठनों के लिए महत्वपूर्ण प्रश्न केवल यह नहीं है कि क्या हमने जलवायु परिवर्तन (Climate change) को अपने QMS दस्तावेज में लिख दिया है? बल्कि यह है कि “क्या जलवायु परिवर्तन हमारे संगठन के प्रसंग, हितधारकों, जोखिमों, अवसरों या QMS के इच्छित परिणामों (Intended results) को प्रभावित करता है?” यदि प्रभावित करता है, तो उसे QMS में उचित रूप से संबोधित किया जाना चाहिए।
एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर
आज की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि ISO 9001:2026 अब केवल FDIS या Proposed revision नहीं रहा—यह आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय मानक (International Standard) बन चुका है। ISO के आधिकारिक दस्तावेज में इसकी प्रकाशन तिथि 16 सितम्बर 2026 दी गई है। अब अगला महत्वपूर्ण चरण संगठनों, सलाहकारों, ऑडिटरों, प्रमाणन निकायों और गुणवत्ता पेशेवरों (Organizations, Consultants, Auditors, Certification Bodies and Quality professionals) के लिए ISO 9001:2026 को समझना, उसके परिवर्तनों का विश्लेषण करना और यह देखना है कि उन्हें प्रभावी रूप से QMS में कैसे लागू किया जाए।
ISO 9001:2026 का वास्तविक मूल्य केवल संशोधित अपेक्षाओं (Revised requirements) को समझने में नहीं, बल्कि उन अपेक्षाओं के माध्यम से बेहतर गुणवत्ता, बेहतर निष्पादन और बेहतर संगठनात्मक परिणाम प्राप्त करने में है।
सादर,
केशव राम सिंघल
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें