मंगलवार, 29 सितंबर 2026

ISO/UNDP 53001:2026 मानक का प्रमोचन (Launch)

ISO/UNDP 53001:2026 मानक का प्रमोचन (Launch)

**********










28 सितंबर 2026 को पेरिस में शुरू हुई ISO वार्षिक बैठक के पहले दिन ISO/UNDP 53001:2026 का आधिकारिक प्रमोचन हुआ। यह संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के लिए दुनिया का पहला अंतरराष्ट्रीय प्रबंधन प्रणाली मानक है। ISO Annual Meeting 2026 फ्रांस की राष्ट्रीय मानक संस्था AFNOR की मेजबानी में 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रही है। थीम है — Building trust in a changing world (बदलती दुनिया में विश्वास बनाना)।

मानक का प्रमोचन ISO और UNDP का संयुक्त कार्यक्रम था। सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस में मानक पेश किया गया। मंच पर थे — डॉ. खालिद सूफी (ISO अध्यक्ष), सर्जियो मुजिका (ISO महासचिव), मार्कोस नेटो और ओलिविए पेरा (AFNOR CEO)। मुजिका ने कहा कि SDGs एक दशक से साझा वैश्विक दृष्टि दे रहे हैं; अब संगठन उस दृष्टि को ठोस कार्रवाई में बदलना चाहते हैं। संयुक्त राष्ट्र सहायक महासचिव और UNDP के Bureau for Policy and Programme Support के निदेशक मार्कोस नेटो ने कहा कि 2030 एजेंडा तभी आगे बढ़ेगा जब संगठन महत्वाकांक्षा को रोजमर्रा के निर्णय और शासन में शामिल करें।

मानक क्या है

ISO/UNDP 53001:2026 — Management systems for the United Nations Sustainable Development Goals (SDGs) — Requirements — अपेक्षा-आधारित प्रबंधन प्रणाली मानक है, जैसे ISO 9001 या ISO 14001। संगठन इसके अनुसार प्रणाली बना और लागू कर सकते हैं; तीसरे पक्ष से अनुपालन का प्रमाणन भी संभव हो सकेगा।

उद्देश्य

संगठन SDGs को केवल घोषणा या रिपोर्टिंग तक न छोड़ें, बल्कि उन्हें रणनीति, प्रबंध व्यवस्था और दैनिक संचालन में शामिल करें और प्रगति माप सकें। मानक हर प्रकार के संगठन के लिए है — कंपनी, सरकार, शिक्षण संस्थान, नागरिक समाज — आकार या क्षेत्र की परवाह किए बिना। संगठन अपने संदर्भ और हितधारकों के अनुसार सबसे प्रासंगिक SDGs पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं।

संगठन से अपेक्षाएँ 

- संगठनात्मक संदर्भ का विश्लेषण और हितधारकों से संवाद

- SDGs पर वास्तविक व संभावित सकारात्मक-नकारात्मक प्रभावों की पहचान, आकलन और प्राथमिकता

- सार्थक SDG उद्देश्य और लक्ष्य

- प्रभावों पर डेटा और प्रगति का मूल्यांकन

- लक्ष्यों के अंतर्संबंध, तालमेल और ट्रेड-ऑफ का प्रबंधन

- PDCA चक्र से निरंतर सुधार

मानक प्रत्येक SDG को अलग परियोजना नहीं मानता; एकीकृत नजरिया देता है। 2030 के बाद के वैश्विक लक्ष्यों के लिए भी इसे प्रासंगिक रखने की व्यवस्था है।

विकास

मानक विकास कार्य ISO/PC 343 (Sustainable development goals management) ने किया; सचिवालय Danish Standards के पास था। आधार UNDP के SDG Impact Standards for Enterprises थे। पहली बार मानक पर ISO/UNDP का दोहरा लोगो है। 2024 में दिशानिर्देश वाला ISO/UNDP PAS 53002 आया, उसके बाद पूर्ण अंतरराष्ट्रीय मानक ISO/UNDP 53001:2026। काम लगभग 2023 से चला। कार्यान्वयन मार्गदर्शन के लिए ISO/UNDP 53002 तैयार हो रहा है। मानक लगभग 36 पृष्ठ का है और ISO की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

ISO/UNDP 53001:2026 का प्रमोचन SDGs को घोषणा से निकालकर प्रबंधन प्रणाली का हिस्सा बनाने का प्रयास है, ताकि योगदान मापा जा सके, जवाबदेही दिखे और सुधार जारी रहे।

सादर,

केशव राम सिंघल


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें