सांख्यिकी उपकरणों और तकनीकों को समझना -1 - समस्या निवारण की प्रभावी सोच - 'DRIVE'
**********
किसी भी संगठन (Organization) या संस्थान (Institution) में प्रक्रियाओं (Processes) के सुधार (Improvement) और समस्याओं (Problems) के त्वरित (Early) समाधान (Solution) के लिए सही सोच का होना आवश्यक है। 'DRIVE' एक ऐसी ही वैज्ञानिक और व्यावहारिक समस्या-निवारण (Problem-Solving) कार्यपद्धति है, जो किसी भी प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करती है।
'DRIVE' का अर्थ और इसके चरण:
D – Define (परिभाषित करना) - समस्या के दायरे (Scope) और सफलता के मापदंडों (Success Criteria) को स्पष्ट रूप से निर्धारित (Determine) करना।
R – Review (समीक्षा करना) - वर्तमान स्थिति, पृष्ठभूमि और प्रदर्शन से जुड़े आँकड़ों (Data) का विश्लेषण (Analysis) कर समस्या के मूल कारणों (Root causes) की पहचान करना।
I – Identify (समाधान खोजना) - प्रक्रिया में सुधार और समस्या को दूर करने के लिए विभिन्न विकल्पों (Options) या बदलावों (Changes) को चिह्नित करना।
V – Verify (सत्यापित करना) - यह जाँचना कि प्रस्तावित समाधान निर्धारित (Determined) सफलता के मापदंडों पर खरे उतरेंगे या नहीं।
E – Execute (कार्यान्वयन करना) - चुने गए समाधानों की योजना बनाकर उन्हें लागू (Implement) करना और परिणामों की समीक्षा (Review) करना।
उदाहरण (प्रकरण अध्ययन)
एक विद्यालय (School) में प्रथम मूल्यांकन (Assessment) परीक्षा का परिणाम आने पर प्रबंधन (Management) ने देखा कि 50% विद्यार्थी गणित में अनुत्तीर्ण हो गए हैं, जबकि अन्य विषयों (Subjects) में परिणाम 95% से 100% तक रहा। विद्यालय प्रबंधन ने इस समस्या के समाधान के लिए 'DRIVE' दृष्टिकोण अपनाया।
Define (परिभाषा) - समस्या - गणित विषय में 50% विद्यार्थियों का अनुत्तीर्ण होना। सफलता का मापदंड (Criteria) - आगामी परीक्षा में गणित में कम से कम 95% विद्यार्थी अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हों।
Review (समीक्षा) - वर्तमान स्थिति - अनुत्तीर्ण छात्र अन्य विषयों में कुशल हैं, केवल गणित में प्रदर्शन खराब है। पृष्ठभूमि/मूल कारण - जुलाई माह में गणित के शिक्षक ने त्यागपत्र दे दिया था। विद्यालय में कुल 3 गणित शिक्षकों की आवश्यकता के मुकाबले केवल 2 ही कार्यरत हैं, और गणित विषय की कक्षाएँ अन्य विषय के शिक्षक ले रहे हैं। नए शिक्षक की भर्ती प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है।
Identify (समाधान की पहचान) - समाचार पत्रों में विज्ञापन देकर समयबद्ध तरीके से नए शिक्षक की भर्ती (Recruitment) करना। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक पास के विद्यालय से गणित शिक्षक की सेवाएँ (Outsourcing) लेना। अतिरिक्त मानदेय देकर वर्तमान दो शिक्षकों के माध्यम से अवकाश के दिनों में गणित विषय की विशेष कक्षाएँ आयोजित करना।
Verify (सत्यापन) - प्रबंधन ने यह जाँचा कि क्या अस्थायी शिक्षक और रविवार की विशेष कक्षाओं से पाठ्यक्रम समय पर पूरा होकर विद्यार्थियों का स्तर सुधरेगा? इस योजना को सफलता के मापदंड (95% परिणाम) को प्राप्त करने में पूरी तरह व्यावहारिक और सक्षम पाया गया।
Execute (कार्यान्वयन) - विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत पड़ोसी विद्यालय से संपर्क किया, जिसने एक माह के लिए अपने गणित शिक्षक को प्रतिनियुक्त (Depute) करने पर सहमति दी। साथ ही छात्रों के लिए गणित विषय अतिरिक्त कक्षाएँ शुरू की गईं और भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर एक माह के भीतर एक गणित शिक्षक की नियुक्ति कर ली गई।
निष्कर्ष - इस प्रकार, सही समय पर 'DRIVE' कार्यपद्धति का व्यवस्थित प्रयोग करके विद्यालय प्रबंधन ने अपनी शैक्षणिक प्रक्रिया में सुधार किया और विद्यार्थियों के परिणाम को सुरक्षित किया।
सादर,
केशव राम सिंघल
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें