संक्षिप्त आलेख
गैर-अनुरूपता (Nonconformity)
**********
आइए समझते हैं कि गैर-अनुरूपता (Nonconformity) क्या है। कई ISO प्रबंधन प्रणाली मानक गैर-अनुरूपता को किसी अपेक्षा (Requirement) को पूरा न करना बताते हैं। गैर-अनुरूपता को अपेक्षा का अपालन भी कहा जा सकता है।
एक अपेक्षा अलग-अलग स्रोतों (Sources) से आ सकती है। यह निम्न में से एक या अधिक हो सकती है—
- लागू प्रबंधन प्रणाली मानक की कोई अपेक्षा;
- कोई कानूनी या नियामक अपेक्षा;
- ग्राहक की कोई अपेक्षा;
- किसी अनुबंध की कोई अपेक्षा;
- संगठन की कोई नीति;
- किसी प्रलेखित कार्यविधि या प्रक्रिया की अपेक्षा;
- संगठन द्वारा आंतरिक रूप से निर्धारित कोई उद्देश्य या प्रतिबद्धता;
- संगठन द्वारा निर्धारित कोई अन्य अपेक्षा; या
- प्रबंधन प्रणाली पर लागू होने वाली कोई दूसरी अपेक्षा।
इसलिए, गैर-अनुरूपता तब होती है जब जो अपेक्षित है और जो वास्तव में हो रहा है, उनके बीच अंतर (Gap) हो और उस अंतर को वस्तुनिष्ठ प्रमाण (Objective Evidence) से स्थापित किया जा सके।
आसान शब्दों में हम कह सकते हैं—
अपेक्षा + अपेक्षा पूरी न होने का वस्तुनिष्ठ प्रमाण = गैर-अनुरूपता
उदाहरण के लिए, यदि किसी संगठन की कार्यविधि के अनुसार माप उपकरण (Measuring Equipment) को निर्धारित अंतराल पर अंश-शोधित (Calibrated) किया जाना आवश्यक है और वस्तुनिष्ठ प्रमाण यह दर्शाता है कि आवश्यक अंश-शोधन नहीं किया गया, तो यह गैर-अनुरूपता (Nonconformity) है। यहाँ मुद्दा यह नहीं है कि संपरीक्षक (Auditor) व्यक्तिगत रूप से अंश-शोधन को आवश्यक मानता है या नहीं। मुद्दा यह है कि एक लागू अपेक्षा मौजूद है और वस्तुनिष्ठ प्रमाण यह दर्शाते हैं कि वह अपेक्षा पूरी नहीं हुई है।
सादर,
केशव राम सिंघल
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें