सोमवार, 3 अगस्त 2026

मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) के मार्गदर्शक सिद्धांत (Guiding Principles)

मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) के मार्गदर्शक सिद्धांत (Guiding Principles)

*********** 










ISO 30201:2026, मानव संसाधन प्रबंधन पर एक अंतरराष्ट्रीय मानक है, इसके पैरा 0.4 में निम्न आठ मार्गदर्शक सिद्धांत बताए गए हैं - (1) पारस्परिक (Reciprocity) (2) मूल्य (Value) (3) अनुकूलनशीलता (Adaptability) (4) तालमेल (Synergy) (5) उत्तरदायित्व (Responsibility) (6) संगठनात्मक संस्कृति (Organizational culture) (7) कार्य वातावरण (Work environment) (8) समाज (Society) 


आइए एक-एक कर इन सिद्धांतों की चर्चा करें। 


1. पारस्परिकता (Reciprocity)


पारस्परिकता (Reciprocity) से तात्पर्य है किसी के द्वारा किए गए कार्य या व्यवहार के बदले में वैसा ही व्यवहार या प्रतिफल देना। यह आपसी लेन-देन, सहयोग और आदान-प्रदान का एक सामाजिक नियम है।


संगठन का मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) ऐसा होना चाहिए जिससे संगठन की अपेक्षाओं (Requirements) और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं (Needs and Expectations) के बीच संतुलन और परस्पर लाभ (Mutual Benefit) स्थापित हो। अर्थात् केवल संगठन को लाभ या केवल कर्मचारी को लाभ नहीं, बल्कि दोनों के हितों का समन्वय हो।


यह सिद्धांत संगठन में क्यों उपयोगी है? संगठन के मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) में इस सिद्धांत को लागू करने से -

- कार्यकर्ता का विश्वास बढ़ता है।

- कार्यकर्ता सहभागिता एवं जुड़ाव (Worker Engagement) बढ़ता है।

- कार्यकर्ता पलायन (Attrition) कम होता है।

- संगठन और कार्यकर्ता दोनों दीर्घकालिक लाभ प्राप्त करते हैं।


उदाहरण -  यदि संगठन अपने कार्यकर्ताओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण देता है तो वे बेहतर प्रदर्शन करते हैं। इससे संगठन की उत्पादकता बढ़ती है और कर्मचारी के कैरियर का भी विकास होता है।


यहाँ कार्यकर्ता (Worker) से तात्पर्य है संगठन के लिए कार्य करने वाले सभी व्यक्ति, चाहे वे कर्मचारी हों, संविदा कर्मी हों अथवा अन्य प्रकार के कार्यकर्ता।


संगठन में मानव संसाधन प्रबंधन रणनीतिक तालमेल (Strategic alignment) बनाता है और संगठन की ज़रूरतों और उसके वर्कर्स की ज़रूरतों के बीच आपसी तालमेल को बढ़ावा देता है।


2. मूल्य (Value) 


मानव संसाधन (HR) में मूल्य (Value) का अर्थ संगठन के लक्ष्यों को प्राप्त करने और कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए मूल्य सृजन (Value Creation), कर्मचारी कल्याण और नैतिक आचरण से है। यह संगठन को सही प्रतिभा देने और बेहतर संस्कृति बनाने में मदद करता है। कार्यकर्ता (Worker) संगठन के लिए केवल लागत (Cost) नहीं बल्कि मूल्य (Value) का स्रोत हैं। उनका वास्तविक मूल्य उनके योगदान (Contribution) में है। लोग संगठन के लिए मूल्य (Value) का स्रोत होते हैं। लोगों का मूल्य संगठन में उनके योगदान से है।


यह सिद्धांत संगठन में क्यों उपयोगी है? जब संगठन कार्यकर्ताओं को निवेश (Investment) मानता है, तब परिणाम निम्न होते हैं -


- संगठन में नवाचार बढ़ता है।

- संगठन में उत्पादकता बढ़ती है।

- संगठन के उत्पादों और सेवाओं के प्रति ग्राहक संतुष्टि बढ़ती है।

- संगठन की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत होती है।


उदाहरण - एक अनुभवी मशीन ऑपरेटर के सुझाव से उत्पादन में 15% सुधार हो जाता है। उसका ज्ञान संगठन के लिए मूल्य उत्पन्न करता है।


3. अनुकूलनशीलता (Adaptability) 


मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) में अनुकूलनशीलता (Adaptability) का अर्थ है, बदलती हुई व्यापारिक परिस्थितियों, नई तकनीकों और अनिश्चित माहौल के अनुसार खुद को और कार्यकर्ताओं को तुरंत ढालना। यह मुख्य रूप से लचीलापन, त्वरित सीखना, और संकट प्रबंधन पर आधारित है। इस सिद्धांत से तात्पर्य है कि मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) को संगठन की परिस्थितियों तथा बाहरी परिवेश के अनुसार स्वयं को बदलते रहना चाहिए। 


यह सिद्धांत संगठन में क्यों उपयोगी है? यदि संगठन अनुकूलनशीलता के सिद्धान को व्यवहारिक तौर पर अपनाता है तो -


- संगठन में नई तकनीकों को अपनाने में सुविधा रहती है।

- संगठन में बदलते श्रम कानूनों का अनुपालन होता है ।

- बाजार परिवर्तन के अनुसार कार्यकर्ताओं के कौशल विकास पर ध्यान दिया जाता है।

- विशेष परिस्थितियों में संगठन संकटों का प्रभावी प्रबंधन करने के लिए तैयार रहता है।


उदाहरण - कोविड के बाद अनेक संगठनों ने Hybrid Working और Remote Working नीति अपनाई। मानव संसाधन (HR) ने नई उपस्थिति, प्रदर्शन मूल्यांकन और प्रशिक्षण प्रणाली विकसित की।


4. तालमेल (Synergy)


मानव संसाधन (HR) में तालमेल (Synergy) से तात्पर्य है अलग-अलग कार्यकर्ताओं और विभागों को इस तरह जोड़ना कि उनका सामूहिक काम व्यक्तिगत योगदान से बहुत बड़ा परिणाम दे। मुख्य लाभों में बेहतर टीम वर्क, लक्षित कार्यप्रणाली, और उत्पादकता में वृद्धि शामिल हैं। मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) ऐसा वातावरण बनाए जिसमें लोग मिलकर कार्य करें और उनका संयुक्त योगदान व्यक्तिगत योगदानों के योग से भी अधिक हो। मानव संसाधन प्रबंधन संगठन में लोगों को मिलकर काम करने में मदद करता है। 


यह सिद्धांत संगठन में क्यों उपयोगी है? इस सिद्धांत के उपयोग से संगठन में - 


- टीमवर्क मजबूत होता है।

- विभागों के बीच सहयोग बढ़ता है।

- समस्याओं का बेहतर समाधान निकलता है।

- नवाचार को बढ़ावा मिलता है।


उदाहरण - उत्पादन, गुणवत्ता, रखरखाव और मानव संसाधन (HR) विभाग मिलकर गुणवत्ता सुधार परियोजना चलाते हैं। परिणाम किसी एक विभाग के प्रयास से कहीं बेहतर प्राप्त होते हैं।


5. उत्तरदायित्व (Responsibility)


मानव संसाधन (HR) में उत्तरदायित्व का मुख्य संबंध कार्यकर्ताओं के जीवनचक्र का प्रबंधन करना है, जिसमें भर्ती (Recruitment), प्रशिक्षण और विकास (Training & Development), तथा वेतन एवं लाभ प्रबंधन (Compensation & Benefits) शामिल हैं। मानव संसाधन (HR) विभाग संगठन  के लक्ष्यों और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करता है। मानव संसाधन (HR) की जिम्मेदारी केवल भर्ती करना नहीं है बल्कि योग्य लोगों को आकर्षित करना, उनका विकास करना तथा उन्हें सही कार्य पर तैनात करना भी है।


यह सिद्धांत संगठन में क्यों उपयोगी है? इस सिद्धांत के उपयोग से संगठन में - 


- सही व्यक्ति सही कार्य पर नियुक्त होता है।

- कार्यकर्ताओं की दक्षता बढ़ती है।

- भविष्य के नेतृत्व का विकास होता है।

- उत्तराधिकार योजना (Succession Planning) मजबूत होती है।


उदाहरण - संगठन में नई मशीन आने पर मानव संसाधन (HR) पहले कर्मचारियों को प्रशिक्षण देता है और उसके बाद उन्हें उस मशीन पर नियुक्त करता है।


6. संगठनात्मक संस्कृति (Organizational Culture)


मानव संसाधन (HR) में संगठनात्मक संस्कृति (Organizational Culture) का अर्थ उन साझा मूल्यों, मान्यताओं और व्यवहारों से है जो किसी संगठन के काम करने के तरीके को तय करते हैं। यह कार्यकर्ताओं की भर्ती, उनके जुड़ाव और कार्यस्थल के माहौल को सीधा प्रभावित करती है। मानव संसाधन (HR) को ऐसी संस्कृति विकसित करनी चाहिए जिसमें विश्वास, सम्मान, नैतिकता, समावेशन, सीखने की प्रवृत्ति और निरंतर सुधार को बढ़ावा मिले।


यह सिद्धांत संगठन में क्यों उपयोगी है? इस सिद्धांत के उपयोग से संगठन में - 


- कार्यकर्ता बेझिझक सुझाव देते हैं।

- शिकायतें कम होती हैं।

- नवाचार बढ़ता है।

- संगठन की प्रतिष्ठा मजबूत होती है।


उदाहरण - यदि किसी कर्मचारी से गलती हो जाए तो उसे दंडित करने के बजाय कारणों का विश्लेषण कर सुधारात्मक कार्रवाई की जाती है।


7. कार्य वातावरण (Work Environment) 


मानव संसाधन (HR) में कार्य वातावरण का अर्थ एक ऐसा सकारात्मक और सुरक्षित माहौल तैयार करना है, जिसमें कार्यकर्ता शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। एक अच्छा कार्य वातावरण कार्यकर्ताओं के बीच अच्छे संबंध बनाने, काम में मन लगाने और संगठन में लंबे समय तक टिके रहने में मदद करता है।


मानव संसाधन (HRM) ऐसा कार्य वातावरण विकसित करे जो सुरक्षित, स्वस्थ, सम्मानजनक और प्रेरणादायक हो।


यह सिद्धांत संगठन में क्यों उपयोगी है? इस सिद्धांत के उपयोग से संगठन में - 


- दुर्घटनाएँ कम होती हैं।

- तनाव कम होता है।

- उत्पादकता बढ़ती है।

- कार्यकर्ता लंबे समय तक संगठन से जुड़े रहते हैं।


उदाहरण - संगठन एर्गोनोमिक कार्यस्थल, मानसिक स्वास्थ्य सहायता, लचीला कार्य समय और सुरक्षित कार्य परिस्थितियाँ उपलब्ध कराता है। 


एर्गोनोमिक कार्यस्थल (ergonomic workplace) वह व्यवस्था है जो काम करने के माहौल और उपकरणों को इंसान के शरीर के मुताबिक ढालती है, जैसे कि सही कुर्सी, सही ऊंचाई की मेज और सही जगह पर रखा कंप्यूटर। इसका मुख्य उद्देश्य शरीर के दर्द को रोकना, काम करने में आराम देना और ऊर्जा तथा उत्पादकता को बढ़ाना है।


8. समाज (Society)


मानव संसाधन प्रबंधन में 'समाज' सिद्धांत का अर्थ है कि संगठन अपनी मानव संसाधन (HR) नीतियों और कार्यप्रणालियों के माध्यम से समाज, पर्यावरण तथा सतत विकास में सकारात्मक योगदान दें। मानव संसाधन नीतियाँ (HR policies) केवल संगठन तक सीमित न रहें बल्कि समाज, पर्यावरण और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी ध्यान में रखें।


यह सिद्धांत संगठन में क्यों उपयोगी है? इस सिद्धांत के उपयोग से संगठन में - 


- संगठन की सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ती है।

- सतत विकास (Sustainable Development) को बढ़ावा मिलता है।

- विविधता एवं समावेशन (Diversity & Inclusion) मजबूत होते हैं।

- दीर्घकालिक विश्वास विकसित होता है।


उदाहरण - संगठन स्थानीय युवाओं को रोजगार देता है, महिलाओं एवं दिव्यांग व्यक्तियों को समान अवसर देता है तथा सामुदायिक कौशल विकास कार्यक्रम चलाता है।


सार 


ISO 30201:2026 मानक के ये आठ मार्गदर्शक सिद्धांत केवल मानव संसाधन (HR) विभाग के लिए नहीं हैं, बल्कि पूरे संगठन के लिए एक ऐसी मानव संसाधन प्रबंधन संस्कृति विकसित करने का आधार प्रदान करते हैं, जिसमें लोगों को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी माना जाता है। इन सिद्धांतों का उद्देश्य केवल कार्यकर्ताओं का प्रबंधन करना नहीं, बल्कि संगठन, कार्यकर्ताओं और समाज—तीनों के लिए दीर्घकालिक मूल्य (Long-term Value) का सृजन करना है। इन मार्गदर्शक सिद्धांतों को संगठन की नीतियों, प्रक्रियाओं, नेतृत्व, प्रशिक्षण, प्रदर्शन मूल्यांकन तथा निरंतर सुधार की गतिविधियों में समाहित करके एक प्रभावी मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) विकसित की जा सकती है।


सादर, 

केशव राम सिंघल 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें